बीजेपी सांसद ने कहा कि "गोडसे जिंदाबाद कहने वाले देश को शर्मसार कर रहे हैं।
महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की जयकार करने वालों पर वरुण गांधी भड़क गए। ट्विटर पर “नाथूराम गोडसे जिंदाबाद” के ट्रेंड होने पर उन्होंने इस कृत्य का तीखी निंदा की। भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे का महिमा मंडन करने वालों की आलोचना की। वरुण गांधी ने कहा कि ऐसे लोग देश को शर्मसार कर रहे हैं। वरुण ने ट्वीट किया, “भारत हमेशा से एक आध्यात्मिक शक्ति रहा है लेकिन यह महात्मा थे जिन्होंने हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिकता को आकार दिया और हमें एक नैतिक अधिकार दिया जो आज भी हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जो लोग गोडसे जिंदाबाद कह रहे हैं वे राष्ट्र को शर्मसार कर रहे हैं। ”